- पुलिस ने 24 घंटो में ही दबोचा, सामान बेचने की फिराक में घूम रहा था भोपाल(ईएमएस)। कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसे नर्मदापुरम से जिला बदर किया गया था। बदमाश ने यहॉ आकर सूने मकाने से कीमती सामान उड़ा दिया। लेकिन इससे पहले वह चोरी का माल बेच पाता पुलिस ने उसे दबोच लिया। थाना प्रभारी निरी.पल्लवी पाण्डेय से मिली जानकारी के अनुसार थाना इलाके के फ्लेट नंबर जी-1 यूनिक होम्स,प्रियंका नगर में रहने वाले फरियादी शोमित गौर पिता उमेश कुमार गौर (33) ने अपनी शिकायत में बताया की बीती 12 अप्रैल की रात करीब 1 बजे वह अपने फ्लैट पर ताला लगाकर निजी काम के चलते विदिशा गया हुआ था। अगले दिन शाम करीब 5 बजे वापस लौटने पर देखा तो फ्लैट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर चैक करने पर एचपी कंपनी का लैपटॉप,दो स्पीकर,एक्सटेंशन बोर्ड, चार्जर सहित करीब 40 हजार का सामान अज्ञात चोर समेटकर ले गया हैं। थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला कायम कर उसकी तलाश शुरु की। छानबीन के दौरान मंगलवार को टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक ग्राम धुआखेड़ा स्थित शासकीय स्कूल के पास लैपटॉप को काफी कम कीमत में बेचने का प्रयास कर रहा है। खबर मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया। पुलिसिया अंदाज में पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी पहचान आनंद सिंह जेबार निवासी ग्राम दोलरिया,थाना दोलरिया,जिला नर्मदापुरम के रुप में बताई। आगे की पड़ताल में खुलासा हुआ की आनंद आदतन अपराधी है, और उसके खिलाफ थाना देहात नर्मदापुरम,कोतवाली थाना दोलरिया सहित अन्य थानों में मारपीट,अड़ीबाजी सहित अन्य संगीन धाराओ के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आनंद सिंह का आपराधिक रिकार्ड देखते हुए उसे थाना देहात नर्मदापुरम क्षेत्र से जिला बदर किया गया है। बदमाश ने स्वीकार किया की जिला बदर के बाद वह भोपाल पहुचां और मौका मिलने पर 13 जून को शोभित गौर के घर का ताला तोड़कर माल चोरी लिया और उसे ही बेचने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सारा माल जप्त कर लिया है। जुनेद / 14 अप्रैल