- सायबर जालसाजो ने बिजली कनेक्शन काटने का दिया था झांसा भोपाल(ईएमएस)। बिजली बिल अपडेट न होने और कनेक्शन कटने का डर दिखाकर सायबर ठगोरो ने एमपी आईडीसी के रिटायर अधिकारी को 1 लाख 64 हजार रुपए की चपत लगा दी। ठग ने बिजली बिल अपडेट करने का कहते हुए फरियादी से केवल 12 रुपए जमा करने के लिए एक लिंक भेजा। लिंक ओपन करते ही उनके खाते से रकम फोन-पे के माध्यम से दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गई। पुलिस के मुताबिक रोजवुड इंक्लेव जाटखेड़ी निवासी दिनेश काले (65) ने लिखित शिकायत करते हुए बताया की वह एमपी आईडीसी भोपाल से रिटायर हैं। बीती 8 अप्रैल को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया था, कॉल रिसीव करने पर दूसरी और से बात करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका बिजली बिल अपडेट नहीं है, यदि फौरन ही इसे अपडेट नहीं किया गया तो आपकी लाइट काट दी जायेगी। इसके बाद शातिर ने उन्हें जाल में फसांते हुए कहा की कनेक्शन कटने से बचने के लिए उन्हें स्मार्ट मीटर रजिस्ट्रेशन चार्ज के नाम पर केवल 12 रुपए जमा करने होगें इससे उनका बिल अपडेट हो जाएगा और कनेकशन कट नहीं होगा। शातिर के झांसे में आकर दिनेश 12 रुपये जमा करने का तैयार हो गए इसके बाद फोन करने वाले जालसाज ने उन्हें 12 रुपये जमा करने का तरीका बताते हुए उनके फोन पर एक लिंक भेजा। उसने कहा कि लिंक पर क्लिक करके जैसा मैं बताऊं, वैसा करते जाना। फरियादी ने लिंक ओपन किया और अज्ञात कॉलर के कहने पर अपना फोन पे भी खोला। उसने बताया कि अपने मोबाइल नंबर के शुरुआती पांच नंबर डालकर पासवर्ड डाल दें। आपका बिल जमा हो जाएगा। पासवर्ड डालते ही उनके खाते से 99 हजार 264 रुपए कट गए। जब दिनेश ने ठग से कहा कि मेरे एकाउंट से अधिक पैसे कट गए तब उसने बताया कि 48 घंटे के भीतर आप इसी नंबर पर 800 रुपए पैमेंट कर देना। आपके कटे हुए पैसे वापस आ जाएंगे। बाद में 10 अप्रैल को फरियादी ने 800 रुपए मोबाइल नंबर 9827213364 पर भेज दिए और कॉलर को फोन लगाया लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। इधर खाते में पैसे वापस नहीं आने पर फरियादी को ठगी का अहसास हुआ और उन्होनें सायबर सेल में घटना की लिखित शिकायत की थी। पुलिस ने जॉच के बाद मामला कायम कर फोन नंबर और बैंक एकाउंट के आधार पर आगे की जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 14 अप्रैल