नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में कुछ नाबालिगों ने एक लड़के की कथित तौर पर चाकू से हमला कर लड़के की हत्या कर दी। इस खून खेल को मामूली विवाद में अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार (14 अप्रैल) को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुरी थाने में चाकूबाजी की घटना के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली थी। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि एक लड़के पर चाकू से हमला किया गया है तथा उसे संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया है। लड़के की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को उस लड़के का सामना एक नाबालिग और उसके तीन साथियों से हुआ तथा पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक टकराव में बदल गई। पुलिस ने बताया कि विवाद के दौरान नाबालिगों ने लड़के पर कथित रूप से चाकू से कई वार किए गए जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि शेष आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। साथ ही पुलिस ने नाबालिग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा दबिश के जरिए प्रयास किए जा रहे हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ अप्रैल /2026