मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के दादर इलाके में आपसी रंजिश के चलते एक 40 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अंकुश आंबोरकर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अंकुश अपने एक दोस्त से मिलने दादर गया था। इसी दौरान आरोपी गौरव सणस ने अपने साथियों के साथ उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गौरव सणस और उसके साथियों ने अंकुश की बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान अंकुश की पत्नी, जो सिद्धिविनायक मंदिर के पास सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। उसने अपने साथियों की मदद से अंकुश को हमलावरों से छुड़ाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकुश को केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में दादर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकुश आंबोरकर और गौरव सणस के बीच कई वर्षों से व्यक्तिगत विवाद चल रहा था। दोनों पहले दादर में साथ मिलकर बैंजो का व्यवसाय करते थे, लेकिन 2017 में अलग होने के बाद उनके बीच दुश्मनी बढ़ गई। मृतक की पत्नी के अनुसार, गौरव सणस पहले भी अंकुश को धमकाता और मारपीट करता था, जिसकी शिकायत दादर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्वेता/संतोष झा-१४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस