- समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पाली विकासखण्ड के ग्राम तेंदूभांठा में जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित किए जा रहे एनिकट का कोरबा जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर एसडीएम पाली रोहित सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परियोजना की लागत, इससे लाभान्वित होने वाले ग्रामो, किसानों की संख्या तथा प्रस्तावित सिंचित रकबा क्षेत्र के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्माण कार्य की गति को बढ़ाने के निर्देश देते हुए श्रमिकों की संख्या में वृद्धि करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि परियोजना का लाभ समय पर किसानों तक पहुंच सके। उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को कार्य का नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे परियोजना समय पर पूर्ण होकर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो सके। 15 अप्रैल / मित्तल