नई दिल्ली (ईएमएस)। मध्य दिल्ली के रंजीत नगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपित को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह बिहार भागने की फिराक में था। इसकी पहचान समयपुर बादली के मोहन जायसवाल के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह केएन काटजू मार्ग एरिया में दुष्कर्म के मामले में दस साल से फरार था और भगोड़ा घोषित था। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, चार अप्रैल को नाबालिग के परिजनों ने रंजीत नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस बीच अगले दिन पांच अप्रैल को नाबालिग जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से बरामद हो गई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने के लिए चार अप्रैल की शाम जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन आई थी। उसका दोस्त तो आया नहीं, लेकिन बुलेट बाइक सवार आरोपित वहां पहुंचा। उसने किशोरी से बातचीत कर उसका विश्वास जीता और उसे बाइक पर बिठाकर मुरथल ले गया। वहां से देर रात को वापसी में किशोरी को नींद आने लगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ अप्रैल /2026