नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी के स्कूलों में छात्रों को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाने के लिए शिक्षा निदेशालय ने वर्षभर चलने वाले विशेष अभियान की शुरुआत करने का निर्देश दिया है। इस पहल के तहत सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक हर महीने अलग-अलग विषयों पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निदेशालय ने कहा कि अप्रैल माह में प्लास्टिक प्रदूषण पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान निबंध लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस भी मनाया जाएगा। मई में वन्यजीव और जैव विविधता पर फोकस रहेगा, जिसमें स्लोगन लेखन, स्किट और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 22 मई को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाते हुए छात्रों को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जून और जुलाई में प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने पर जोर दिया जाएगा। इस दौरान अपशिष्ट प्रबंधन कार्यशाला, पोस्टर प्रतियोगिता और गीले-सूखे कचरे के अलग-अलग डिब्बों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस भी इसी अवधि में मनाया जाएगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ अप्रैल /2026