क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


- रेल समस्याओं को लेकर जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन - कलेक्टर ने दिया आश्वासन - रेल अधिकारियों से बात कर समस्या निराकरण की कही बात (कोरबा) आरोप लगाते हुए रेल प्रबंधन द्वारा कोरबा की उपेक्षा से नाराज कोरबा विकास समिति रेल का एक प्रतिनिधि मंडल कोरबा कलेक्टर से भेंट-मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौपा। रेल सुविधाओं को लेकर कलेक्टर ने कहा है कि वह रेल अधिकारियों से बात कर शीघ्र ही इसके निराकरण के लिए त्रिस्तरीय बैठक का इंतजाम करेंगे। कोरबा विकास समिति रेल का प्रतिनिधि मंडल निर्धारित समय पर जिलाधीश कार्यालय पहुंचा।कलेक्टर को रेल प्रबंधन द्वारा दिए जा रहे हैं कष्ट से वाकिफ करा उन्हें बताया गया कि पिछले तीन दशक से संघर्ष कर रहे कोरबा को रेल प्रबंधन ने सिर्फ झुनझुना पकड़ाया है। जो अल्प सुविधा प्रदान भी की गई है वह भी जब मन होता है, निरस्त अथवा स्थगित कर दी जाती है। जिलाधीश को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाते हुए बताया गया है कि कोरबा से आवाजाही करने वाली ट्रेनों की लेट लतीफी से लोग परेशान है। स्टेशन प्रदूषण के कारण कोयला खदान में तब्दील हो गया है। 24 घंटे में रेल फाटक बमुश्किल कुल मिलाकर 2 घंटे से अधिक समय तक नहीं खुलता। जिसकी वजह से शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। स्टेशन पर जन सुविधाओं का पूर्णता अभाव है। विकास समिति के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधीश को ज्ञापन के जरिए बताया की कोरबा से अयोध्या, कोरबा से दानापुर, कोरबा से दिल्ली स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है। बिलासपुर भोपाल वह ट्रेन है जो बिलासपुर में कई कई घंटे तक खड़ी रहती है उन्हें कोरबा से चलाया जा सकता है। हसदेव एक्सप्रेस को रायपुर की बजाय दुर्ग से चलाने की मांग करने वाले प्रतिनिधि मंडल ने इस ट्रेन में अतिरिक्त दो एसी कोच लगाने की मांग भी रखी है। पिट लाइन पिछले डेढ़ दशक से बनकर तैयार है, लेकिन उसे प्रारंभ नहीं किया गया है। इस तरह की अन्य तमाम समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधीश से भेंट-मुलाक़ात करने वाले प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने कलेक्टर से हुई चर्चा को सकारात्मक बताया है। प्रतिनिधि मंडल का स्पष्ट कहना है की कोरबा जिलाधीश के प्रयास के बावजूद यदि रेल प्रबंधन ने कोरबा की समस्याओं और नई यात्री गाडी प्रारंभ करने की दिशा में सकारात्मक रुख नहीं दिखाया, तो उसे बड़े आंदोलन का सामना करना पड़ेगा। कोरबा विकास समिति रेल के प्रतिनिधि मंडल में संयोजक मुरलीधर मखीजा, किशोर शर्मा, श्रीकांत बुधिया, राकेश श्रीवास्तव, कमलेश यादव, हितानंद अग्रवाल, महेश गुप्ता, हरीश परसाई, दीपेश मिश्रा, योगेश जैन, आर.पी. तिवारी, मनोज अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, पवन वर्मा और अखिल अग्रवाल सहित अन्य शामिल थे। 15 अप्रैल / मित्तल