- प्रताड़ना : पति, जेठ, सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज जबलपुर, (ईएमएस)। पनागर पुलिस ने एक महिला की आत्महत्या के मामलें की विवेचना के बाद आरोपी पति, सास, जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है| घटना के संबंध सीएसपी अधारताल सुश्री राजेश्वरी कौरव ने बताया कि गत 27 मार्च को तिवारी खेड़ा निवासी 30 वर्षीय श्रीमति प्रतिभा पटेल ने जहर का सेवन कर लिया था| उसके बाद उसके पति विपिन पटेल ने उसके इलाज के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई| पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलें को जांच में लिया है। इस दौरान मृतिका के माता पिता के बयान लिए गए, जिसमें यह बात सामने आई कि 4 मई 2023 को प्रतिभा की शादी विपिन पटेल के साथ हुई थी| शादी के कुछ दिन तक तो ठीक-ठाक चला उसके बाद एक बच्ची का जन्म हुआ| लड़की पैदा होने के बाद बात-बात पर बेटा नहीं होने का ताना सास मीना पटेल देने लगी, और अविवाहित जेठ नीरज पटेल बहू से गालीगलौज करने लगा| इस बात की जानकारी मिलने पर उसके माता पिता प्रतिभा को अपने घर ले आए थे| फिर विपिन 2 महीनें बाद ससुराल गया और माफी मांगकर प्रतिभा को वापस ले आया| कुछ दिन बाद विपिन भी पत्नी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा| प्रतिभा के माता पिता ने मकान बनवाने के लिए विपिन को 5 लाख रुपए नगद दिए थे| सास सोने के हार, और नए डिजाइन के गहनों की मांग करती थी| प्रतिभा ने सारी बाते अपने माता पिता को बताई| पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया यह मामला सामने आया है कि प्रताड़ना से तंग आकर प्रतिभा ने जहर खाकर आत्महत्या की थी| पुलिस ने आरोपी पति विपिन पटेल, सास मीना पटेल, जेठ नीरज पटेल सभी के विरूद्ध धारा 80(2), 3(5) बीएनएस तथा 3, 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 15 अप्रैल 2026/ 04.48