-सीने के आर-पार हुई बुलेट भोपाल (ईएमएस) । राजधानी भोपाल के बैरसिया निवासी किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव बुधवार शाम शमशाबाद रोड स्थित एक ढाबे के पास संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हनीफ (42) पिता मोहम्मद शफीक के रूप में हुई है, जो बैरसिया के वार्ड नंबर-7 का निवासी था। वह स्थानीय स्तर पर किराना व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। रोजमर्रा के कामकाज के लिए आसपास के इलाकों में आता-जाता था। हनीफ का शव उसके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर शमशाबाद रोड पर एक ढाबे के पास मिला। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जब जांच शुरू की, तो मृतक के सीने में गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए। घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद की गई है, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वह खुद बाइक से वहां पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार हनीफ को अज्ञात हमलावरों ने सरेराह गोली मारी और मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी भाग निकले। एसपी ग्रामीण रामशरण प्रजापति ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। ढाबे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद की बात से इनकार किया है। ऐसे में हत्या के पीछे का मकसद क्या था, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस लूट, आपसी विवाद और अन्य संभावित एंगल्स पर भी जांच कर रही है। जुनेद/15 अप्रैल2026