धमतरी(ईएमएस)। जिले के नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक मकानों पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, नगरी के गोनदला नाला गांव में लंबे समय से अतिक्रमण कर अवैध रूप से मकान बनाए गए थे। प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस और अल्टीमेटम जारी किए गए, लेकिन कब्जाधारियों ने जमीन खाली नहीं की। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सख्ती के चलते अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई जारी है और अन्य अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026