- बजरंगगढ़ नसियांजी के नामांतरण का रास्ता साफ, तीर्थक्षेत्र कमेटी ने किया सम्मान! 13 साल से अटके नामांतरण को मिली रफ्तार, नपाध्यक्ष की पहल से जैन समाज को बड़ी राहत गुना (ईएमएस)।शहर के बीजी रोड स्थित नसियांजी क्षेत्र से जुड़े वर्षों पुराने नामांतरण प्रकरणों को आखिरकार समाधान मिल गया है। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता की पहल पर करीब 13 वर्षों से लंबित पड़े जैन समाज के दान में मिले प्लॉटों के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। इस निर्णय से जैन समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है और इसे एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल माना जा रहा है। दरअसल, वर्ष 2013 में आचार्य विद्यासागरजी महाराज के शिष्य मुनि पुंगव सुधा सागरजी महाराज के चातुर्मास के दौरान समाज के लोगों ने धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक विशाल स्थान विकसित करने का संकल्प लिया था। इसी क्रम में समाज के लोगों ने स्वेच्छा से एक सौ से अधिक प्लॉट दान में दिए थे। हालांकि, प्रशासनिक प्रक्रियाओं के चलते इन प्लॉटों का नामांतरण वर्षों तक लंबित रहा, जिससे समाज को अपने प्रस्तावित कार्यों में बाधा का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन पुण्योदय अतिशय तीर्थक्षेत्र कमेटी ने नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया। लंबे समय से प्रकरण लंबित रहने पर आश्चर्य जताते हुए नपाध्यक्ष ने तत्काल संबंधित फाइलें मंगवाईं और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई। इसके परिणामस्वरूप 13 अप्रैल को करीब 43 प्लॉटों के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई। इस उपलब्धि के बाद जैन समाज के प्रतिनिधियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नपाध्यक्ष सविता गुप्ता और भाजपा नेता अरविंद गुप्ता का सम्मान किया। समाज की ओर से उन्हें मूलनायक भगवान शांतिनाथ की तस्वीर, शॉल और श्रीफल भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कमेटी ने अपने पत्र में इस कार्य को संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण बताते हुए शेष कार्यों के लिए भी इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि नसियांजी क्षेत्र की लगभग 13 बीघा जमीन पर समाज द्वारा दान किए गए प्लॉटों का उपयोग सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए किया जाना है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना किसी आर्थिक लेन-देन के समाजजनों ने यह योगदान दिया था, इसलिए नामांतरण में देरी से कार्य प्रभावित हो रहा था। नपाध्यक्ष सविता गुप्ता ने कहा कि यह पूरी तरह सामाजिक सरोकार से जुड़ा विषय था, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका में आने वाले सभी नामांतरण प्रकरणों का समय पर निपटारा किया जा रहा है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत के लिए उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर रखा है। जैन समाज ने अब शेष नामांतरण, नसियांजी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, धर्मशाला के नामांतरण और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों को भी जल्द पूरा कराने की उम्मीद जताई है।- सीताराम नाटानी