कोरबा (ईएमएस)। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत से प्रातः समय 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन के लिये अयोध्याधाम रवाना हुआ। मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, ममता यादव आदि ने तीर्थ यात्री बस को हरी झण्डी दिखाई एवं यात्रियों को तिलक लगा व पुष्पमाला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं व बधाईयॉं देते हुए अयोध्याधाम के लिये रवाना किया। इस मौके पर निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, अरविंद सिंह, रिशू श्रीवास्तव, अमित टमकोरिया, जितेन्द्र राजपूत आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ सरकार की महती योजना श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों को पवित्र अयोध्याधाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन प्रतिमाह कराए जा रहे हैं, जिसका सम्पूर्ण व्यय शासन द्वारा वहन किया जाता है। इसी कड़ी में इस माह भी कोरबा से 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन हेतु अयोध्याधाम के लिए रवाना हुआ, यह दल बस के माध्यम से बिलासपुर के उस्लापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा, वहॉं से विशेष ट्रेन द्वारा तीर्थयात्री अयोध्याधाम पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इस मौके पर पार्षदों ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि प्रभु श्रीरामलला के दर्शन हेतु जा रहे श्रद्धालुजनों को यात्रा पर रवाना करने का पवित्र अवसर आज प्राप्त हुआ है, उन्होने कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उनकी यात्रा को मंगलमय करें तथा श्रद्धालुजन रामलला के चरणों का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें। इस अवसर पर तीर्थयात्रियों ने श्रीरामलला दर्शन योजना की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए राज्य सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। - 15 अप्रैल / मित्तल