क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


- बोर्ड मेरिट सूची में 8 विद्यार्थियों ने बनाया स्थान जबलपुर, (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई कि इस बार भी छात्रों के मुकाबले छात्राओं ने बाजी मारी| वहीं सरकारी स्कूलों ने सीमित संसाधानों के बाद अपनी श्रेष्ठता का प्रदर्शन किया| शहर के नामचीन निजी स्कूल फिसड्डी साबित हुए| इस वर्ष जिले के आठ छात्र-छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाकर शहर का नाम रोशन किया है| इनमें से 10वीं बारहवीं के अधिकांश सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी हैं| हायर सेकेंडरी परीक्षा में कला संकाय से पंडित लज्जा शंकर झा (मॉडल हाई स्कूल) की अल्फिया अंजुम ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल स्कूल की छात्रा कुमारी अनम अंसारी एवं शिशु विद्यापीठ जीसीएफ स्टेट की हिमांशी नागदेव ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया। जीव विज्ञान समूह में भी इसी विद्यालय की कुमारी कृति पांडे ने 8वां और छात्र ओम चौकसे ने 10वां स्थान हासिल किया। 10वीं परीक्षा में भी जिले का परचम …… हाई स्कूल परीक्षा में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा कुमारी श्रेया जैन एवं सांदीपनी विद्यालय सिहोरा की रश्मि गडरी ने संयुक्त रूप से प्रदेश में 4था स्थान प्राप्त किया। शासकीय रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुमारी शुभी सैनी ने छटवां स्थान हासिल किया। वहीं ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र अभिषेक मिश्रा ने 7वां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। जिले में सरकारी स्कूल आगे .. जबलपुर जिले में 10वीं के परिणाम में सरकारी स्कूलों ने 80.59 प्रतिशत परिणाम के साथ निजी स्कूलों (68.20 प्रतिशत) को पीछे छोड़ दिया। यह जिले के लिए नया कीर्तिमान माना जा रहा है। सभी सफल विद्यार्थियों को जिला प्रशासन और स्कूल स्टाफ ने बधाई दी है। 43 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा......... जिले में 10वीं और 12वीं के कुल 43 हजार 72 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था। दोनों परीक्षाओं के लिए 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 47 शहरी और 53 ग्रामीण क्षेत्रों में थे। 96 केंद्र नियमित विद्यार्थियों और 4 केंद्र निजी परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित थे। सुनील साहू / शहबाज / 15 अप्रैल 2026/ 06.24