वाराणसी (ईएमएस)। पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन के मार्गदर्शन में संचालित “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के अंतर्गत थाना परिसर में लंबे समय से खड़े माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-03 के आदेश के अनुपालन में संजीव कुमार शर्मा (कार्यपालक मजिस्ट्रेट, राजातालाब), अजय कुमार श्रीवास्तव (सहायक पुलिस आयुक्त, राजातालाब) तथा निरीक्षक परिवहन शाखा, कमिश्नरेट वाराणसी के निकट पर्यवेक्षण में थाना राजातालाब के प्रभारी निरीक्षक दयाराम एवं हेड मोहर्रिर जितेन्द्र कुमार की देखरेख में नियमानुसार वाहन नीलामी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नीलामी प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 12 माल मुकदमाती वाहनों (04 दोपहिया एवं 08 तीन/चार पहिया) की नीलामी की गई, जिससे ₹8,19,100/- (रुपये आठ लाख उन्नीस हजार एक सौ मात्र) का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, 26 माल मुकदमाती अवैध शराब (जिसमें 160 लीटर कच्ची देशी शराब तथा 184 शीशी (प्रत्येक 180 एमएल) अवैध देशी शराब एवं 03 कार्टन) को उपर्युक्त आदेश के अनुपालन में नियमानुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई थाना परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा लंबित माल मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ नरसिंह राम /ईएमएस/15/04/2026