अंतर्राष्ट्रीय
15-Apr-2026


ढाका (ईएमएस)। अंडमान सागर में रोहिंग्या शरणार्थियों और बांग्लादेशी नागरिकों को ले जा रही एक नौका के पलटने से लगभग 250 लोगों के लापता होने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने मंगलवार को इस दुखद घटना की पुष्टि की है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (यूएनएचसीआर) ने एक बयान में कहा कि यह नौका दक्षिणी बांग्लादेश के टेक्नाफ से मलेशिया के लिए रवाना हुई थी। भारी हवाओं, उबड़-खाबड़ समुद्र और अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण यह नौका डूब गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौका में लगभग 280 लोग सवार थे और इसने चार अप्रैल को बांग्लादेश छोड़ा था। हादसे में लापता लोगों में कई बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बोट पर बड़ी संख्या में रोहिंग्या सवार थे। संभावना है कि इस नौका में सवार रोहिंग्या शरणार्थी बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में स्थित विशाल शिविरों से भागने की कोशिश कर रहे थे, जहां म्यांमार के रखाइन प्रांत से विस्थापित एक मिलियन से अधिक शरणार्थी दयनीय परिस्थितियों में रह रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 15 अप्रैल, 2026