सोल (ईएमएस)। दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के शीर्ष नौसैनिक कमांडर्स ने बुधवार को सोल में एक बैठक की। इस बैठक का मकसद तीनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करना था। इस बैठक में दक्षिण कोरिया के चीफ ऑफ नेवल ऑपरेशन्स एडमिरल किम क्यूंग-रयूल, अमेरिकी पैसिफिक फ्लीट के कमांडर एडमिरल स्टीफन कोहलर और जापान मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल अकीरा सैतो शामिल हुए। इन सबने अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकों के साथ-साथ एक साथ डिनर मीटिंग भी की। योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बातचीत मिडिल ईस्ट में तनाव के दौरान हो रही है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या इन चर्चाओं में ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकाबंदी का मुद्दा भी सुलझ सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले दक्षिण कोरिया, जापान और दूसरे देशों से कहा था कि वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अपने युद्धपोत भेजें, ताकि वहां से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा की जा सके। दिन में पहले हुई बैठक में किम और कोहलर ने दक्षिण कोरिया-अमेरिका की मजबूत संयुक्त रक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। साथ ही नौसेना के रखरखाव, मरम्मत और ऑपरेशन्स में सहयोग बढ़ाने पर भी बात हुई। वहीं, किम और सैतो के बीच हुई बातचीत में सैनिकों के आपसी आदान-प्रदान को बढ़ाने और संयुक्त समुद्री सर्च और रेस्क्यू अभ्यास फिर से शुरू करने पर गहराई से चर्चा हुई। जनवरी में दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री आन ग्यू-बैक और जापान के उनके समकक्ष शिंजिरो कोइज़ुमी की मुलाकात हुई थी, जिसमें दोनों देशों ने करीब 9 साल बाद फिर से संयुक्त समुद्री सर्च और रेस्क्यू अभ्यास शुरू करने पर सहमति जताई थी। सुबोध/१५ -०४-२०२६