इस्तांबुल (ईएमएस)। बुधवार को महज 24 घंटे के भीतर तुर्की के दूसरे स्कूल में गोलीबारी की वारदात हुई। इस बार भी एक छात्र ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलीबारी में 4 लोगों के मारे जाने और 20 के घायल होने की खबर है। घटना तुर्की के दक्षिण-पूर्वी प्रांत कहरामनमारास में हुई, और प्रांत के गवर्नर, मुकर्रम उनलुअर, को घटनास्थल पर मौजूद पत्रकारों को इस घटना के बारे में बताते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि हमलावर अपने बैकपैक में हथियार लेकर स्कूल आया था, और हथियार उसके पिता का था। स्थानीय मीडिया ने उनलुअर के हवाले से बताया कि मारे गए लोगों में एक शिक्षिका भी शामिल है। गवर्नर ने बताया कि हमलावर की भी मौत हो गई। हमले का मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। तुर्की मीडिया ने बताया कि हमलावर दो कक्षाओं में घुसा था और उसके पास पांच बंदूकें और सात मैगजीन थीं। तुर्की के एक रिपोर्टर ने कहा, गोलियों की आवाज बहुत तेज थी, जिससे स्कूल के सामने अफरा-तफरी मची हुई थी। मंगलवार को ही तुर्की के एक स्कूल में ऐसी ही वारदात हुई थी। इसमें एक शख्स दनदनाता हुआ स्कूल में प्रवेश करता और गोलियां चलाता दिखा था। वारदात दक्षिण-पूर्वी तुर्की स्थित हाई स्कूल की थी, जहां एक पूर्व छात्र की गोलीबारी में 16 लोग घायल हो गए थे। स्थानीय गवर्नर हसन शिलडक ने बताया था कि हमलावर, जिसकी उम्र 18-19 साल के आसपास थी, को पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा था। उससे पहले उसने शॉटगन से अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर उसी हथियार से खुद को मार डाला था। उन्होंने बताया कि घायलों में 10 छात्र, चार शिक्षक, एक कैंटीन कर्मचारी और एक पुलिस अधिकारी शामिल थे। सुबोध/१५ -०४-२०२६