मुम्बई (ईएमएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में अपनी 49 रनों की पारी के दौरान एक छक्का लगाते ही एक बड़ा रिकार्ड बना लिया है। विराट अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले सलामी बल्लेबाज बन गये हैं। आईपीएल में अब उनके कुल 185 छक्के हो गये हैं। इसी के साथ ही कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया है राहुल के नाम ओपनर के तौर पर 184 छक्के हैं। कोहली के द्वारा इस रिकॉर्ड को तोड़ना यह साबित करता है कि वह सिर्फ क्लासिकल शॉट्स के ही नहीं, बल्कि टी20 प्रारूप के पावर-हिटिंग के भी एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वहीं मुम्बई इंडियंस के रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं। आईपीएल में बतौर भारतीय ओपनर उनके नाम 148 छक्के दर्ज हैं। हालाँकि रोहित के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ओवरऑल रिकॉर्ड है, लेकिन सलामी बल्लेबाज के तौर पर वह विराट और राहुल से पीछे हैं। इस सूची में शिख्र धवन 143 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर अपनी जगह बनाए हुए हैं। धवन ने हालांकि अब संन्यास ले लिया है। वहीं, युवा प्रतिभा और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल भी इस विशिष्ट क्लब का हिस्सा हैं। गिल ने आईपीएल में पारी की शुरुआत करते हुए अब तक 118 छक्के लगाए हैं, और वह इस सूची में जगह बनाने वाले युवा भारतीय ओपनर्स में से एकमात्र हैं। ईएमएस 16 अप्रैल 2026