खेल
16-Apr-2026


:: संकट में इंदौर : पहली पारी में मात्र 71 रनों पर ढेर हुई मेजबान टीम; चंबल ने जीत की ओर बढ़ाए कदम :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) द्वारा आयोजित बॉयज अंडर-13 ए.डब्ल्यू. कनमाडीकर ट्रॉफी के फाइनल के दूसरे दिन चंबल संभाग ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। खेल के पहले दिन जहाँ इंदौर के आराध्य वर्मा ने 6 विकेट लेकर चंबल को बैकफुट पर धकेला था, वहीं दूसरे दिन चंबल के दिव्यांश पाराशर ने पंजे (5 विकेट) के प्रहार से पासा पलट दिया। चंबल को पहली पारी के आधार पर 178 रनों की विशाल बढ़त प्राप्त हुई है। चंबल के 249 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी खेलने उतरी इंदौर की टीम का आत्मविश्वास चंबल की सटीक गेंदबाजी के सामने डगमगा गया। दिव्यांश पाराशर की गेंदों ने ऐसी धार दिखाई कि इंदौर का कोई भी बल्लेबाज पिच पर टिकने का साहस नहीं जुटा सका। पूरी टीम मात्र 71 रनों पर सिमट गई। इंदौर की ओर से प्रीत चोपड़ा (22) ही कुछ संघर्ष कर सके, जबकि शेष बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छूने के लिए भी संघर्ष करते नजर आए। चंबल की ओर से आशुतोष भदौरिया और किशन चौरसिया ने भी 2-2 विकेट लेकर इंदौर की कमर तोड़ दी। पहली पारी में 178 रनों की निर्णायक बढ़त लेकर दूसरी पारी शुरू करने उतरी चंबल की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। पहली पारी के नायक आरव वशिष्ठ 20 रन बनाकर एक बार फिर क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े हैं। इंदौर के लिए आराध्य वर्मा और प्रणय चौहान ने एक-एक सफलता अर्जित की, लेकिन चंबल की कुल बढ़त अब 232 रनों की हो चुकी है। मैच के अंतिम दिन चंबल की कोशिश इस बढ़त को और बढ़ाकर इंदौर के सामने असंभव लक्ष्य रखने की होगी, जबकि इंदौर को वापसी के लिए किसी करिश्मे की दरकार है। :: संक्षिप्त स्कोर :: चंबल (पहली पारी) : 249/10 (आरव 96, माहिर 92; आराध्य 6 विकेट) इंदौर (पहली पारी) : 71/10 (प्रीत चोपड़ा 22; दिव्यांश पाराशर 5 विकेट, आशुतोष 2 विकेट) चंबल (दूसरी पारी) : 54/4 (आरव 20*, ऋषभ 19; आराध्य 1 विकेट) प्रकाश/16 अप्रैल 2026