खेल
16-Apr-2026


फ्रेंच ओपन में भी खेलना संदिग्ध बार्सिलोना (ईएमएस) स्पेन के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज ने कलाई की चोट के कारण बार्सिलोना ओपन टेनिस से अपना नाम वापस ले लिया है। अल्कराज यहां दूसरे दौर में पहुंच गये थे ऐसे में उनके बाहर होने से प्रशंसकों को झटका लगा है। ऐसे में खिताब जीतने को अवसर उनके हाथ से निकल गया। इसके अलावा आगामी फ्रेंच ओपन टेनिस में उनका खेलने पर संशय हो गया है। अल्कराज ने क्वालिफायर ओटो विरटेनन के खिलाफ अपने शुरुआती मुकाबले में सीधे सेटों में जीत हासिल की थी। हालांकि, इसी मैच के दौरान रिटर्न करते समय उन्हें अपनी कलाई में दर्द लगा जिसके बढ़ने से उन्हें अपना नाम वापस लेना पड़ा है। टॉमस मैसेके के खिलाफ दूसरे दौर के मैच से पहले हुई जांच मे उनकी चोट गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। इसी को लेकर अल्कराज ने कहा, मैच के दौरान रिटर्न करते समय लगा कि मेरी कलाई जवाब दे गई है। टेस्ट के बाद पता चला कि चोट हमारी उम्मीद से ज्यादा गंभीर है। मुझे अपने शरीर की सुननी होगी और इस समय रिकवरी को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह जल्द से जल्द घर लौटकर अपनी मेडिकल टीम, जिसमें डॉक्टर्स और फिजियो शामिल हैं, के साथ उपचार शुरू करेंगे, ताकि वह आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स के लिए फिट हो सकें। इस चोट के कारण अल्कराज के हाथ से नंबर एक स्थान फिर से हासिल करने का मौका भी निकल गया। अगर वह यहां जीतते तो शीर्ष स्थान पर वापसी कर सकते थी। अब उनका लक्ष्य 18 मई से शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन के लिए पूरी तरह से फिट होना रहेगा। वहीं एक अन्य मुकाबले में, ब्रिटेन के कैमरून नॉरी ने ईथन क्विन को 6-3, 4-6, 6-4 से हराकर तीसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। ईएमएस 16अप्रैल 2026