राज्य
16-Apr-2026
...


गाजियाबाद(ईएमएस)। दिनांक 16 अप्रैल 2026 को एम.एम.एच. कॉलेज, गाज़ियाबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस रैली में कॉलेज के सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्य प्रॉक्टर प्रो. आर. एस. यादव, डीन प्रो. प्रकाश चौधरी, प्रो. आभा दुवे, प्रो. सीमा शर्मा, प्रो. मीना वर्मा, प्रो. कामना यादव, प्रो. सुभाषिनी शर्मा, डॉ. निशा अग्रवाल तथा प्रो. रत्नाश्री सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। “नारी सम्मान, देश का अभिमान” और “नारी शक्ति, राष्ट्र की शक्ति” जैसे नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता मानव श्रृंखला का निर्माण था, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में अपनी एकता का प्रदर्शन किया। यह दृश्य अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायक रहा। रैली कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई, जिससे आम जनता को भी इस महत्वपूर्ण विषय के प्रति जागरूक किया जा सके। अंत में प्राचार्य एवं अन्य वरिष्ठ शिक्षकों ने नारी सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और सभी को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया। इस प्रकार यह रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी प्रतिभागियों में जागरूकता एवं उत्साह का संचार हुआ। ईएमएस/ 16 अप्रैल, 2026