बोले- लाड़ली बहनों को दिए 55 हजार करोड़ सिवनी मालवा (ईएमएस) ।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सिवनी मालवा में कृषि उपज मंडी में विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम और लाड़ली बहना योजना को महिला सशक्तिकरण का बड़ा आधार बताया। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में 55,000 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हितग्राही महिला के खाते में अब तक लगभग 40 से 50 हजार रुपए पहुंच चुके हैं और यह योजना भविष्य में भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश में पहली बार शासकीय स्कूलों के बच्चों को माता यशोदा योजना के अंतर्गत नि:शुल्क दूध के पैकेट बांटे जाएंगे। हमारे बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से तंदुरुस्त बनेंगे। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और गौपालन को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की शुरू की है। इससे हमारे भाई-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार ने कठिन समय में सडक़ पर घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना शुरू की है, जिसमें घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप देने की व्यवस्था है। मुश्किल वक्त में गरीब-जरूरतमंदों की मदद के लिए एयर एम्बुलेंस भी संचालित की जा रही हैं। किसानों को 5 रुपए में बिजली कनेक्शन देंगे इस दौरान सीएम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा- अगर किसानों को सिंचाई के लिए नए बिजली कनेक्शन लेना है तो देश में सबसे कब राशि केवल 5 रुपए में बिजली कनेक्शन देने वाले है। राम मंदिर और तीन तलाक पर कांग्रेस को घेरा विपक्ष पर निशाना साधते हुए डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गलत निर्णय लेती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर मामले को विवादित बनाए रखने का प्रयास किया और प्राण प्रतिष्ठा समारोह से भी दूरी बनाए रखी। साथ ही उन्होंने तीन तलाक प्रथा को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की।