राज्य
16-Apr-2026
...


भोपाल-जबलपुर समेत 28 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार भोपाल (ईएमएस) ।मप्र में गुरुवार को गर्मी के तेवर तीखे रहे और तापमान में बढ़ोतरी हुई। नर्मदापुरम में पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, नर्मदापुरम के बाद रतलाम दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, दमोह-मंडला में 42 डिग्री, शाजापुर में 41.8 डिग्री, गुना में 41.7 डिग्री, मलाजखंड, टीकमगढ़-छिंदवाड़ा में 41.5 डिग्री, उमरिया-श्योपुर में 41.4 डिग्री, धार, खजुराहो में 41 डिग्री, सतना में 40.9 डिग्री, खरगोन में 40.8 डिग्री, सागर में 40.7 डिग्री, दतिया-सीधी में 40.6 डिग्री, खंडवा-बैतूल में 40.5 डिग्री, सिवनी-रीवा में 40.4 डिग्री और नौगांव में पारा 40.2 डिग्री रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में सबसे ज्यादा 41.4 डिग्री, भोपाल में 40.5 डिग्री, इंदौर में 40.1 डिग्री, ग्वालियर में 40.5 डिग्री और उज्जैन में 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर, रतलाम, धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में लू जैसे हालात रहे। यहां तापमान बढ़ा हुआ रहा। भोपाल में दोपहर में तेज गर्मी का अहसास हुआ। शुक्रवार को 20 जिलों में हीट वेव यानी, लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इंदौर में स्कूलों का समय बदला वहीं, इंदौर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है, जबकि परीक्षाएं तय समय पर ही होंगी। आंगनवाड़ी केंद्र अब सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी पड़ती है। इस बार भी ऐसा ही है। शुरुआती नौ दिन तक आंधी, बारिश और ओले का दौर रहा। 10 अप्रैल से गर्मी बढ़ गई। अब असर ज्यादा रहेगा।