:: रामपुरा में यादव समाज के भवन निर्माण का प्रस्ताव, 29 अप्रैल तक दर्ज करा सकते हैं दावे :: खरगोन/भीकनगांव (ईएमएस)। भीकनगांव तहसील के ग्राम रामपुरा में यादव समाज के मांगलिक भवन निर्माण की राह प्रशस्त हो गई है। ग्राम पंचायत रामपुरा के सचिव रमेश सोलंकी द्वारा म.प्र. नजूल भूमि निर्वतन नियम 2020 के अंतर्गत भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटन का ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इस संबंध में प्रशासन ने सार्वजनिक उद्घोषणा जारी कर आपत्तियां आमंत्रित की हैं। प्रस्ताव के अनुसार, ग्राम रामपुरा स्थित खसरा क्रमांक 117/3 के कुल रकबे 10.1000 हेक्टेयर में से 0.134 हेक्टेयर भूमि आबंटन का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा गया है। इस भूमि का उपयोग सामाजिक और मांगलिक गतिविधियों के आयोजन के लिए किया जाना प्रस्तावित है। न्यायालय नायब तहसीलदार भीकनगांव द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति या संस्था को इस भूमि आबंटन पर कोई दावा या आपत्ति है, तो वे स्वयं या अपने अभिभाषक के माध्यम से 29 अप्रैल 2026 तक न्यायालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा और प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्यवाही पूरी की जाएगी। प्रकाश/16 अप्रैल 2026