राज्य
16-Apr-2026
...


:: मोरटक्का से ओंकारेश्वर तक नई लाइन तैयार, सब-स्टेशनों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश :: इंदौर/खंडवा (ईएमएस)। सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली कंपनी ने ओंकारेश्वर में मोर्चा संभाल लिया है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनूप कुमार सिंह ने गुरुवार को तीर्थ नगरी का दौरा कर करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे विद्युत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी प्रोजेक्ट तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। एमडी अनूप कुमार सिंह ने मोरटक्का और ओंकारेश्वर में बन रहे नए सब-स्टेशनों का जायजा लिया। सिंहस्थ के मद्देनजर मोरटक्का से ओंकारेश्वर तक नई 33 केवी लाइन स्थापित की जा चुकी है। इसके अलावा 11 केवी लाइन, निम्नदाब लाइन और ट्रांसफार्मर फेंसिंग के कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी हैं। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद इंजीनियरों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कहा कि इन विकास कार्यों का लाभ न केवल सिंहस्थ के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को मिलेगा, बल्कि तीर्थ क्षेत्र के मूल निवासियों की बिजली समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसा सुदृढ़ नेटवर्क तैयार किया जाए जो पीक लोड के दौरान भी निर्बाध कार्य करे। तीर्थ नगरी की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कंपनी पूरी प्रतिबद्धता से जुटी है। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (कार्य) एसएल करवाड़िया, संयुक्त सचिव तरुण उपाध्याय, खंडवा अधीक्षण यंत्री दधीचि रेवड़िया और कार्यपालन यंत्री संजीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। प्रकाश/16 अप्रैल 2026