राज्य
16-Apr-2026
...


:: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का बड़ा कदम, 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का हुआ सुरक्षा कवच तैयार :: इंदौर/खंडवा (ईएमएस)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में खंडवा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत गुरुवार को निर्धारित शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 15,584 किशोरी बालिकाओं को यह सुरक्षा कवच प्रदान किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि शासन द्वारा जिले के लिए 15,584 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभाग की मुस्तैदी और मैदानी अमले की सक्रियता से गुरुवार शाम तक सभी लक्षित बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करना और भविष्य की पीढ़ी को इस बीमारी से सुरक्षित करना है। :: कैंसर से बचाव में प्रभावी है टीका :: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किशोर अवस्था में एचपीवी का टीका लगने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने की संभावना काफी हद तक समाप्त हो जाती है। खंडवा जिले में इस अभियान को लेकर अभिभावकों और स्कूलों में भी व्यापक जागरूकता देखी गई, जिसके चलते निर्धारित समय सीमा के भीतर विभाग ने अपना लक्ष्य प्राप्त किया। डॉ. जुगतावत ने इस सफलता के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026