राज्य
16-Apr-2026


:: टीसीएस चौराहे के पास क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर दबोचा, नशे के आदी युवाओं को सप्लाई करने आया था आरोपी :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंदसौर के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 121 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत करीब 12 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए दिए गए कड़े निर्देशों के बाद क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टिगरिया बादशाह रोड पर टीसीएस चौराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति ड्रग्स की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की और मौके से शैलेंद्र चौहान निवासी नाहरगढ़ (मंदसौर) को रंगे हाथों धर दबोचा। :: आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड :: तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 121 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मंदसौर से सस्ते दामों पर ड्रग्स लाकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शैलेंद्र पर पूर्व में भी मंदसौर के नाहरगढ़ थाने में मारपीट संबंधी अपराध दर्ज है। :: नेटवर्क खंगाल रही पुलिस :: आरोपी के विरुद्ध थाना अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह ड्रग्स मंदसौर में किससे खरीदता था और इंदौर में उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों और खरीदारों की तलाश की जा रही है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026