:: इंदौर पुलिस के ट्रैफिक प्रहरी अभियान से जुड़े 3350 लोग, क्यूआर कोड से हो रहा पंजीयन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुखद बनाने की दिशा में इंदौर पुलिस की अनूठी पहल ट्रैफिक प्रहरी रंग लाने लगी है। इस अभियान के तहत चौराहों पर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्यवस्था संभालने वाले चार उत्कृष्ट प्रहरियों को गुरुवार को पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सम्मानित किया। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में बसंत सोनी, अमृतपाल सिंह, सुश्री माया मंडलोई और मनीष उपाध्याय को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए शील्ड, प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट किए गए। पुलिस आयुक्त ने इन नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि जब आम जनमानस व्यवस्था का हिस्सा बनता है, तभी व्यापक बदलाव संभव है। :: 3350 जागरूक नागरिक बने प्रहरी :: इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री सिंह ने अभियान की प्रगति साझा करते हुए बताया कि अब तक शहर के 3350 जिम्मेदार नागरिक इस मुहिम का हिस्सा बन चुके हैं। ये नागरिक अपनी सुविधानुसार विभिन्न व्यस्त चौराहों पर यातायात प्रबंधन में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल व्यवस्था संभालना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति स्व-अनुशासन और जागरूकता पैदा करना भी है। :: गूगल फॉर्म के जरिए जुड़ने की अपील :: इंदौर पुलिस ने शहरवासियों से इस मुहिम का हिस्सा बनने का आह्वान किया है। इच्छुक नागरिक पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन कर गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसमें नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार समय और स्थान (चौराहा) का चयन कर ट्रैफिक प्रहरी के रूप में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इस सहभागिता से न केवल पुलिस बल को सहयोग मिल रहा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात को सुचारू बनाने में भी मदद मिल रही है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026