हाजीपुर, (ईएमएस)। बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के मुख्य सरगना पुरण कुमार को हाजीपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरण कुमार रुपसपुर थाना कांड में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने हाजीपुर में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ पटना और वैशाली जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पुरण कुमार लंबे समय से संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था तथा अंतरराज्यीय नेटवर्क संचालित करता था। उसकी गिरफ्तारी से इस गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। संतोष झा-१६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस