राज्य
16-Apr-2026
...


:: पलासिया चौराहे पर आयोजित हुआ 27वां शिविर, अब तक 4000 से अधिक हेलमेट बांट चुकी है पुलिस :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा अभियान संस्कार और सुरक्षा का संगम बनता जा रहा है। गुरुवार को पलासिया चौराहे पर आयोजित 27वें वृहद जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने न केवल जरूरतमंदों को हेलमेट वितरित किए, बल्कि नियमों का पालन करने वाले अनुशासित चालकों का सम्मान भी किया। पुलिस आयुक्त श्री सिंह के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस अब तक 27 ऐसे आयोजनों के माध्यम से शहर के 4000 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा कवच (हेलमेट) प्रदान कर चुकी है। इस मुहिम का उद्देश्य चालानी कार्रवाई से इतर नागरिकों को जीवन की कीमत समझाना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है। :: चालान के बाद मिला सुरक्षा का उपहार :: पलासिया चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एक अनूठा नजारा देखने को मिला। पुलिस ने उन वाहन चालकों को रोका जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। पहले उनका नियमानुसार चालान बनाया गया और फिर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सड़क हादसों की गंभीरता समझाते हुए हेलमेट भेंट किया। पुलिस आयुक्त ने युवाओं, बुजुर्गों और उन जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जिनके पास वाहन के दस्तावेज तो पूर्ण थे, लेकिन सुरक्षा के लिए हेलमेट नहीं था। :: जिम्मेदार चालकों की थपथपाई पीठ :: मुहिम के दौरान जो वाहन चालक स्वेच्छा से हेलमेट लगाकर निकले, पुलिस कमिश्नर ने स्वयं आगे बढ़कर उनकी प्रशंसा की। ऐसे जिम्मेदार नागरिकों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान किए गए ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। :: हादसों में कमी लाना है ध्येय :: पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हेलमेट वितरण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। आंकड़ों के मुताबिक, अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट जानलेवा साबित होती है। इसी गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस लगातार वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित कर रही है, ताकि शहर की सड़कों पर हर सफर सुरक्षित और सुखद हो सके। प्रकाश/16 अप्रैल 2026