राज्य
16-Apr-2026
...


:: देवास के तस्करों से 1.3 किलो गांजा बरामद, जांच में चोरी की निकली पकड़ी गई मोटरसाइकिल :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में मादक पदार्थों के विरुद्ध जारी अभियान में कनाड़िया पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर देवास के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से गांजे का परिवहन कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से न केवल मादक पदार्थ बरामद हुआ, बल्कि जिस मोटरसाइकिल का वे उपयोग कर रहे थे, वह भी चोरी की निकली। पुलिस उपायुक्त (जोन-2) कुमार प्रतीक और सहायक पुलिस आयुक्त (खजराना) कुंदन सिंह मंडलोई के निर्देशन में थाना कनाड़िया की टीम मुखबिर तंत्र के जरिए सक्रिय थी। सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लाई जा रही है। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और नागेश धौलपुरिया (ग्राम टिगरिया गोगा, देवास) तथा कान्हा चौहान (ग्राम गांगरदी, देवास) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.313 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। :: चोरी के वाहन से फैला रहे थे नशे का जाल :: पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों की जांच की, तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। उक्त मोटरसाइकिल पूर्व में चोरी हो चुकी थी, जिसके संबंध में थाना कनाड़िया में ही प्रकरण दर्ज था। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदात खुद की थी या वे इसे किसी और से खरीदकर लाए थे। :: नेटवर्क खंगाल रही पुलिस :: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ वाहन चोरी की धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 86,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस नशे के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वे गांजा कहाँ से लाते थे और इंदौर में किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जानी थी। इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी डॉ. सहर्ष यादव, सउनि मुनेंद्र सिंह कुशवाहा, मुकाम सिंह डावर, प्रधान आरक्षक किशोर सांवलिया, रविंद्र रघुवंशी, पंकज यादव, आरक्षक रवि शर्मा, जगदीश दांगी और साइबर सेल के आरक्षक प्रवीण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रकाश/16 अप्रैल 2026