राज्य
16-Apr-2026


:: कई दिनों पुराना था शव, चूहों ने बुरी तरह कुतरा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक मामला सामने आया, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया। यहाँ एक बंद मकान में अकेले रह रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब गली में खेल रहे बच्चों की गेंद अचानक घर के भीतर चली गई। गेंद लेने अंदर दाखिल हुए बच्चों ने जब अंदर का नजारा देखा, तो उनकी चीख निकल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान छगन के रूप में हुई है। वह घर में अकेला ही रहता था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। पड़ोसियों को भी इस बात की भनक नहीं लगी कि भीतर छगन की सांसें थम चुकी हैं। जब बच्चे अंदर पहुंचे, तो छगन का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी, जिसके कारण शव सड़ने लगा था और उसे चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया था। घर के भीतर का दृश्य इतना भयावह था कि सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर जमा हुए रहवासियों ने तत्काल इसकी सूचना चंदन नगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। :: परिजनों का इंतजार, जांच जारी :: पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना भिजवाई है, हालांकि देर शाम तक कोई भी अस्पताल या थाने नहीं पहुंचा था। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मौत का लग रहा है, लेकिन शव की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026