राज्य
16-Apr-2026
...


:: नारी संवाद में प्रबुद्ध महिलाओं ने प्रधानमंत्री का जताया आभार :: इंदौर (ईएमएस)। देश की संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गुरुवार को इंदौर का महापौर सचिवालय (मेयर हाउस) उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित नारी संवाद कार्यक्रम में शहर की प्रबुद्ध महिलाओं ने इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब वे केवल योजनाओं का लाभ लेने वाली हितग्राही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नीतियां बनाने वाली सूत्रधार बनेंगी। विधेयक के प्रति महिलाओं का उत्साह उस समय देखते ही बना जब महापौर सचिवालय परिसर आतिशबाजी की गूंज और रोशनी से सराबोर हो गया। महिलाओं ने जमकर पटाखे फोड़े और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं ने कहा कि यह कानून उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन में नई उम्मीदों का सवेरा लेकर आया है। आतिशबाजी के बीच मातृशक्ति का जोश यह बता रहा था कि वे इस नई जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। संवाद के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में दुनिया का सबसे बड़ा कदम है। यह कानून केवल आरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की दशा और दिशा तय करने वाला परिवर्तनकारी दस्तावेज साबित होगा। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों में महिलाओं की भागीदारी हर सेक्टर में 30 प्रतिशत तक बढ़ी है, जो अब इस कानून के माध्यम से नेतृत्व में बदलेगी। :: 18 अप्रैल को इंदौर में मनेगा उत्सव :: नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि इस बिल से महिलाओं की नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। महापौर ने घोषणा की कि आगामी 18 अप्रैल को, जिस दिन यह विधेयक पारित होगा, इंदौर की मातृशक्ति सड़कों पर उतरकर ऐतिहासिक उत्सव मनाएगी। संवाद में शैलजा मिश्रा, अंजू मखीजा, भारती पारख सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध महिलाएं सम्मिलित हुईं। प्रकाश/16 अप्रैल 2026