राष्ट्रीय
17-Apr-2026
...


मुंबई(ईएमएस)।शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद और मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को लेकर एक सनसनीखेज दावा किया है। राउत के मुताबिक, जब अमित शाह गुजरात की राजनीति में संकट में थे और उनके खिलाफ तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा कई मामले दर्ज किए गए थे, तब वे मदद के लिए बालासाहेब ठाकरे के पास पहुंचे थे। राउत का दावा है कि उस समय बालासाहेब ने एक जज को फोन कर अमित शाह की मदद करने के लिए कहा था। यह दावा संजय राउत ने कपिल सिब्बल के साथ एक इंटरव्यू के दौरान किया। हालांकि, जब उनसे शिवसेना में हुई टूट पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पुरानी घटना का जिक्र किया। संजय राउत ने अमित शाह से जुड़ी घटना का विवरण देते हुए बताया, मातोश्री में बालासाहेब ठाकरे, मैं और हमारे कुछ साथी बैठे थे तो गेट से बार-बार एक मैसेज आता था कि कोई गुजरात से विधायक अमित शाह है जो बालासाहेब से मिलना चाहते हैं। बालासाहेब ने शाम को आने को कहा। राउत ने आगे बताया, अमित शाह फिर शाम को आए और सिक्योरिटी ने फोन किया तो फोन मैंने ही उठाया। मैंने बालासाहेब से कहा कि कोई अमित शाह गुजरात से आया है, बहुत परेशानी में है, एक बार आप मिल लीजिए। उन्होंने कहा अगले दिन 11 बजे बुला लो। शाह ने कहा था तड़ीपार किया है मदद कीजिए अगले दिन सुबह 11 बजे अमित शाह आए और बालासाहेब को प्रणाम किया। राउत के अनुसार, अमित शाह ने बालासाहेब से कहा, साहेब, मैं कट्टर हिंदुवादी हूं और कांग्रेस ने मेरे ऊपर बहुत केस कर रखे हैं। मुझे तड़ीपार कर दिया है। मैं गुजरात भी नहीं जा सकता। अब मेरी फाइल मुंबई ट्रांसफर हो गई है तो आप जज को फोन करो वो आपकी बात मानेंगे। संजय राउत ने दावा किया कि इसके बाद बालासाहेब ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर जोशी को जज के पास भेजा और कहा कि तुम अपने फोन से जज से मेरी बात करवाना। जोशी ने जज से बालासाहेब की बात करवाई और बालासाहेब ने जज से कहा, तुम अमित शाह की मदद करो वो परेशानी में है। जज ने जवाब दिया, साहेब ये डबल बेंच है और दूसरा जज मुस्लिम है। तो बालासाहेब बोले, तुम तो हिंदू हो मदद करो। संजय राउत ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बालासाहेब की इतनी मदद और उपकार करने के बाद भी इन लोगों ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए शिवसेना तोड़ दी। वीरेंद्र/ईएमएस/17अप्रैल2026