- वैश्विक बाजार में क्रूड 4 डॉलर प्रति बैरल उछला, कई शहरों में ईंधन महंगा नई दिल्ली (ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध पर सुलह की कवायद में आई निराशा ने वैश्विक कच्चे तेल बाजार में हलचल मचा दी है। बातचीत विफल होती देख शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग 4 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर 98 डॉलर के पार पहुंच गया। इस वैश्विक उछाल का सीधा असर भारत में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर भी दिख रहा है, जहां कई शहरों में ईंधन के दाम बढ़ गए हैं, जबकि महानगरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बीते 24 घंटों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड 98.03 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) भी 93.06 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। दरअसल, ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति वार्ता की उम्मीदों ने पहले कीमतों में कुछ गिरावट लाई थी, लेकिन अब इन वार्ताओं पर अनिश्चितता के बादल मंडराने से बाजार में एक बार फिर तेजी आ गई है। इसका दबाव भारतीय सरकारी तेल कंपनियों पर भी पड़ा है। इस वैश्विक उतार-चढ़ाव के बावजूद, देश के कुछ शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम में बदलाव देखने को मिला है। नोएडा में शुक्रवार सुबह पेट्रोल 22 पैसे महंगा होकर 95.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 28 पैसे बढ़कर 88.29 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं गाजियाबाद में उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है, जहां पेट्रोल 11 पैसे सस्ता होकर 94.64 रुपये और डीजल 12 पैसे गिरकर 87.74 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बिहार की राजधानी पटना में कीमतें अपरिवर्तित रही हैं, जहां पेट्रोल 105.23 रुपये और डीजल 91.49 रुपये प्रति लीटर पर टिका हुआ है। देश की आर्थिक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार है। मुंबई में पेट्रोल 103.44 रुपये और डीजल 89.97 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। चेन्नई और कोलकाता जैसे अन्य महानगरों में भी आज तेल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे इन शहरों के उपभोक्ताओं को फौरी तौर पर राहत मिली है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि भविष्य में खुदरा दरों पर दबाव बढ़ा सकती है। सतीश मोरे/17अप्रैल ---