- छात्र बोले अब यूनिवर्सिटी के नए कुलपति से सुधार की उम्मीद बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ वाजपेई की विदाई के बाद छात्रों का अनोखा विरोध सामने आया। जहां एक ओर प्रशासन ने विदाई समारोह आयोजित किया, वहीं दूसरी ओर यूटीडी के छात्र-छात्राओं ने कैंपस में गंगाजल छिडक़कर प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। छात्र नेता नीरज यादव और लक्ष्य साहू के नेतृत्व में हुए इस विरोध में विभिन्न विभागों के छात्र शामिल हुए। छात्रों ने आरोप लगाया कि पूर्व कुलपति के कार्यकाल में विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार और अनियमितताएं बढ़ीं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी, जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदी में कथित भ्रष्टाचार और इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों में अनियमितताओं से विश्वविद्यालय की साख प्रभावित हुई है। इधर, नए कुलपति प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया की नियुक्ति के बाद छात्रों ने पारदर्शी प्रशासन, निष्पक्ष भर्ती और शैक्षणिक सुधार की उम्मीद जताई है। करोड़ों खर्च पर नेक मूल्यांकन तक नहीं हो पाई छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद नेक मूल्यांकन नहीं हो सका और न ही नए विभाग शुरू किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों पर एफआईआर दर्ज कराना विश्वविद्यालय के माहौल को और खराब करने वाला कदम था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलपति सचिवालय, सभागार और विभिन्न विभागों में गंगाजल छिडक़कर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया। इस घटनाक्रम ने लंबे समय से छात्रों के भीतर चल रहे असंतोष को उजागर कर दिया। मनोज राज 17 अप्रैल 2026