क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी, परिणाम जारी करने में विलंब और ऑनलाइन फीस जमा करने में आ रही समस्याओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तीन सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। अभाविप के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में कई छात्रों के अंकों में त्रुटियां सामने आई हैं, जिससे सैकड़ों विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं। महानगर मंत्री अतिंद्र धर दीवान ने कहा कि परिणामों में गड़बड़ी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने लंबित विषयों के परिणाम शीघ्र जारी करने की भी मांग उठाई। इसी तरह विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष सुधांशु यादव ने कहा कि केवल परिणामों में त्रुटि ही नहीं, बल्कि अनावश्यक विलंब और ऑनलाइन फीस जमा करने में आ रही तकनीकी दिक्कतें भी छात्रों को परेशान कर रही हैं। उग्र आंदोलन की दी चेतावनी छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो अभाविप उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान अभाविप के प्रदेश सह मंत्री हेमांशु कौशिक सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। मनोज राज 17 अप्रैल 2026