इन्दौर (ईएमएस) पिछले एक दशक से परीक्षा ड्यूटी और कॉपी जांच के लिए बेहद कम भुगतान को लेकर विश्वविद्यालय के शिक्षकों में बनी नाराजगी अब दूर होने वाली है देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परीक्षा और मूल्यांकन कार्य से जुड़े कर्मचारियों, फैकल्टी और प्रोफेसर्स के मेहनताने में बड़ा इजाफा करने जा रहा है। जिसके लिए एक प्रस्ताव बनाया गया है जिसमें विभिन्न श्रेणियों के भुगतान में डेढ़ से दो गुना तक बढ़ाई गई है। भोपाल स्थित समन्वय समिति को यह प्रस्ताव औपचारिक रूप से माह अंत तक भेज दिया जाएगा। विगत दिनों प्राचार्यों और परीक्षा अधीक्षकों की हुई बैठक में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा के बाद इस प्रस्ताव की बनी प्रस्तावना के बाद इसे मूर्त रूप दिया गया है। ज्ञात हो कि वर्तमान में विश्वविद्यालय के शिक्षकों को यूजी की कॉपी जांचने के लिए 15 रुपए और पीजी के लिए 20 रुपए मिलते हैं, वहीं तीन घंटे की परीक्षा ड्यूटी के लिए इंविजिलेटर को मात्र 100 रुपए दिए जाते हैं। सीनियर सुपरिटेंडेंट को 375 रुपए और असिस्टेंट को 250 रुपए मिलते हैं। अब नये प्रस्ताव अनुसार इनमें डेढ़ से दो गुना वृद्धि की गई है। आनंद पुरोहित / 17 अप्रैल 2026