राष्ट्रीय
17-Apr-2026


-31 मई से पहले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने के सुप्रीम कोर्ट ने दिए आदेश शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच सत्ताधारी कांग्रेस ने रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को राजधानी शिमला में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित राजनीतिक मामलों को लेकर गठित कमेटी की बैठक में इन चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह अहम फैसला लिया गया कि इन चुनावों में जीत की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों को सौंपी जाएगी। बैठक में तय किया गया है कि मंत्रियों और विधायकों को पर्यवेक्षक बनाकर मैदान में उतारा जाएगा, जो जिला और विधानसभा क्षेत्रवार चुनावी रणनीति को लागू करेंगे। इसके लिए कमेटियों का गठन किया जाएगा। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को इन कमेटियों के गठन और जिम्मेदारियां तय करने के लिए अधिकृत किया गया है। एक सप्ताह के अंदर कमेटियां गठित की जाएंगी। बैठक में इन चुनावों को “सत्ता का सेमीफाइनल” करार देते हुए कहा गया कि जिला परिषद, पंचायत समिति, नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में अधिक से अधिक कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधि जीत सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाएगी। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से एकजुट होकर टीम वर्क के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया कि संगठनात्मक मजबूती और समन्वित प्रयासों के जरिए कांग्रेस इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन तय करेगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा आदि मौजूद थे। बता दें हिमाचल प्रदेश में 31 मई से पहले प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने के आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिए हैं। ऐसे में अब अगले चार पांच दिन में चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान कर सकता है। धर्मशाला, सोलन और मंडी नगर निगम समेत, निकायों में चुनाव होंगे। वहीं, 3600 के करीब पंचायतों में सरकार चुनी जाएगी। सिराज/ईएमएस 17अप्रैल26