* स्क्रूटनी की प्रक्रिया हुई पूरी * 786 सीटों पर दिया जाएगा प्रवेश कोरबा (ईएमएस) शिक्षा का अधिकार अंतर्गत जिले के निजी विद्यालयो में प्रवेश के लिए प्रथम चरण के आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुल 302 निजी विद्यालयो में इस बार किए गए बदलाव के तहत केवल पहली कक्षा में प्रवेश देना है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय में 2291 बच्चों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की स्क्रूटनी की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। इसमें प्राप्त कुल आवेदनों में से 1628 आवेदन पात्र पाए गए हैं, जबकि 663 आवेदन किसी न किसी तकनीकी कारणों से अपात्र किए गए हैं। उल्लेखनीय हैं कि जिले में पहली कक्षा में 786 सीटों पर ही प्रवेश देना है। ये सीटें अलग-अलग विद्यालयो में कुल सीटों का 25 प्रतिशत है, इसलिए आवेदकों की संख्या जिस विद्यालय के लिए अधिक होगी, वहां पात्र होने के बाद भी अतिरिक्त आवेदकों को निराश होना पड़ेगा। जिले में प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 22 आवेदन ऐसे हैं, जिसमें एकरूपता है। अर्थात एक अभ्यर्थी के नाम से कई आवेदन किए गए हैं, जबकि 156 आवेदन त्रुटि पूर्ण आए हैं। किसी में दस्तावेजों की कमी है तो किसी में जरूरी जानकारी ही नहीं दी गई है। ऐसे ही कारणों के चलते आवेदकों को निरस्त अथवा अपात्र घोषित किया है। प्रवेश के लिए छात्र पंजीयन 16 फरवरी से 31 मार्च तक किया गया। आवेदनों की नोडल वेरिफिकेशन प्रक्रिया भी इसी अवधि में साथ की गई थी। इसके बाद पात्र आवेदकों को आवेदित विद्यालयो में दाखिला लेने लॉटरी और आवंटन की प्रक्रिया की शुरुआत 13 अप्रैल से हो चुकी है। यह प्रक्रिया 17 अप्रैल तक जारी रहेगी। उक्त अवधि में जिन पात्र बच्चों के नाम लॉटरी में निकलेंगे, उन्हें 1 से 30 मई के बीच दाखिला लेना होगा। इस दाखिला की प्रक्रिया के बाद भी अगर सीटें रिक्त रह जाती हैं तो उसके लिए दूसरे चरण में छात्र पंजीयन की प्रक्रिया 1 से 11 जुलाई तक अपनाई जाएगी। 17 अप्रैल / मित्तल