कोरबा (ईएमएस) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना एसईसीएल गेवरा खदान में जारी हड़ताल प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच गेवरा सभागार में हुई अहम बैठक के बाद स्थगित कर दी गई। बैठक में कर्मचारियों, मजदूरों और भू-प्रभावित परिवारों की लंबित मांगों पर विस्तार से गहन चर्चा हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई। बैठक में एसईसीएल प्रबंधन की ओर से एलएंडआर जीएम धीरज चौधरी और कार्मिक विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक श्रीकांत मल्लेपाका मौजूद रहे। पीएनसी कंपनी की ओर से एचआर अशोक राय और मैनेजर अजय पाल उपस्थित थे। वहीं छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना की ओर से प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल ने कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से रखा। बैठक में प्रमुख रूप से भू-विस्थापित और प्रभावित परिवारों को नौकरी में प्राथमिकता देने, पीएनसी में कार्यरत पेटी कॉन्ट्रैक्टरों को एचपीसी रेट के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने, ड्राइवरों और मजदूरों को हर महीने 10 तारीख से पहले वेतन देने और लंबित गेट पास जल्द जारी करने की मांग रखी थी। इन सभी मुद्दों पर प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए जल्द अमल और स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने पर सहमति बनी। जिला संयोजक अतुल दास महंत ने कहा कि भू-प्रभावितों के हक में किसी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीएनसी कंपनी के एचआर अशोक राय ने बताया कि भिलाई बाजार, नरईबोध, भठोरा और मनगांव के निवासियों की चार ग्रामप की समिति बनाई गई है। 17 अप्रैल / मित्तल