-प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश पर एफआईआर शिवपुरी,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक गंभीर सड़क हादसे और कथित दबंगई का मामला सामने आया है, जिसमें पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर अपनी थार कार से पांच लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। जानकारी के अनुसार, घटना करैरा थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता संजय परिहार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार थार कार आई और बाइक सवार तीन मजदूरों तथा पैदल चल रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे सभी लोग घायल हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि कार दिनेश लोधी चला रहे थे और वाहन पर आगे और पीछे विधायक से जुड़े साइन भी लगे हुए थे, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट हो रही थी। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में दिनेश लोधी घायलों से बहस करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह यह कहते दिख रहे हैं कि उन्होंने हॉर्न और सायरन बजाया था, फिर भी लोग रास्ते से नहीं हटे। उन्होंने यह भी कहा कि वह सुबह जिम जाने के लिए निकले थे। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज को भी सबूत के तौर पर शामिल किया गया है। इस बीच, जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपी दिनेश लोधी ने खुद पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। वहीं, विधायक पिता प्रीतम सिंह लोधी ने भी कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि किसी ने गलती की है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हिदायत/ईएमएस 17अप्रैल26