राष्ट्रीय
17-Apr-2026


-मुंबई क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में फरार आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ ‘गाठ’ दबोचा गया मुंबई,(ईएमएस)। चर्चित रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के आगरा से फरार आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ ‘गाठ’ को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ संयुक्त रूप से की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के समय मौके पर मौजूद था और वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में छापेमारी की जा रही थी, जिसके बाद उसे आगरा से पकड़ा गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शूटर, हथियार सप्लायर और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वाले लोग शामिल हैं। इससे पहले 14 अन्य आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया जा चुका था। यह मामला 31 जनवरी की रात जुहू स्थित फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग से जुड़ा है। अज्ञात हमलावरों ने इमारत की पहली मंजिल को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाई थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हमला कथित रूप से उगाही (एक्सटॉर्शन) के उद्देश्य से किया गया था। आरोप है कि इस वारदात के लिए शूटरों को पैसों का लालच दिया गया था। मुख्य शूटर दीपक शर्मा को कथित तौर पर 15 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, जिसमें से 50 हजार रुपये एडवांस के रूप में दिए गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। हिदायत/ईएमएस 17अप्रैल26