राष्ट्रीय
17-Apr-2026


-जांच के बाद करीब 400 करोड़ की संपत्ति वापस की चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 2026 के बीच चुनाव आयोग और प्रवर्तन एजेंसियों की सख्त निगरानी के चलते अब तक लगभग 800 करोड़ रुपये की नकदी, कीमती सामान और अन्य अवैध वस्तुएं जब्त की जा चुकी हैं। यह आंकड़ा वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों की तुलना में लगभग दोगुना बताया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2021 के चुनाव में कुल 446.28 करोड़ रुपये के उपहार और कीमती धातुएं तथा 236.70 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गई थी। उस समय जब्त सामान का एक बड़ा हिस्सा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद वापस कर दिया गया था। इस बार की कार्रवाई पहले से अधिक सख्त दिखाई दे रही है। बुधवार तक की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक करीब 800 करोड़ रुपये की जब्ती हो चुकी है, जिसमें नकदी, सोना-चांदी, नशीले पदार्थ और शराब शामिल हैं। इनमें से 126.64 करोड़ रुपये की नकदी ऐसी पाई गई है जिसके पास वैध दस्तावेज नहीं थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का सामान जब्त किया गया है, वे उचित दस्तावेज प्रस्तुत कर उसे वापस प्राप्त कर सकते हैं। अब तक लगभग 400 करोड़ रुपये की संपत्ति, जिसमें नकदी और कीमती धातुएं शामिल हैं, जांच के बाद वापस भी की जा चुकी है। पूरे राज्य में यह कार्रवाई फ्लाइंग स्क्वॉड, स्थिर निगरानी टीमों और आयकर विभाग के संयुक्त प्रयास से की जा रही है। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर टीमें 24 घंटे सक्रिय हैं और वाहनों की जांच से लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है तथा मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन, नकदी या अवैध वस्तुओं के प्रभाव से बचाना है। फिलहाल राज्य में चुनावी माहौल के बीच निगरानी एजेंसियों की यह सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाईयों में से एक माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 17अप्रैल26