व्यापार
17-Apr-2026
...


सेंसेक्स 505, निफ्टी 156 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार में ये बढ़त दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आई है। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जल्द समाप्त होने की उम्मीदों से भी निवेशकों में उत्साह है जिससे भी बाजार उछला है। आज कारोबार के दौरान इसी कारण सेंसेक्स और निफ्टी में 0.65 फीसदी की बढ़त रही। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 504.86 अंकों के उछाल के साथ ही 78,493.54 स्तर पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 156.80 अंक बढ़कर 24,353.55 पर बंद हुआ। आज एक समय सेंसेक्स 78,553.45 वही निफ्टी 24,371.90 तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 में 1.27 फीसदी जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.48 फीसदी की बढ़त रही। दूसरी ओर निफ्टी आईटी जिसमें 0.02 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सभी इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आए। सबसे ज्यादा निफ्टी एफएमसीजी में 2.65 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.34 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.10 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 0.94 फीसदी की बढ़त रही। इसके अतिरिक्त निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.78फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.74 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.61 फीसदी की तेजी रही।निफ्टी में जेएसडब्ल्यू स्टील, नेस्ले इंडिया, अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज, पावर ग्रिड, मैक्स हेल्थ के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई जबकि एचडीएफसी लाइफ, सनफार्मा, बजाज-ऑटो, एमएंडएम, एचसीएल टेक, एलएंडटी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। इससे पहले आज सुबह बाजार में गिरावट के साथ शुरुआत हुई पर जल्द ही रिकवरी के साथ बाजार लाभ में आ गया। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 78,000 के स्तर के पास 74.05 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,062.73 पर, और निफ्टी 4.50 अंक बढ़कर 24,201.25 के स्तर पर खुला। ईएमएस 17 अप्रैल 2026