राष्ट्रीय
18-Apr-2026
...


पुणे(ईएमएस)। पुणे हवाई अड्डे पर शुक्रवार देर रात भारतीय वायुसेना के एक लड़ाकू विमान के साथ हुई तकनीकी दुर्घटना के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। यह घटना रात करीब 10:25 बजे उस समय हुई जब लैंडिंग के दौरान लड़ाकू विमान का लैंडिंग गियर अचानक फेल हो गया। विमान की रनवे पर हार्ड लैंडिंग हुई, जिससे वह बीच रास्ते में ही रुक गया और पूरा रनवे ब्लॉक हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए हवाई अड्डा प्रशासन और वायुसेना ने रनवे को साफ करने और परिचालन बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। भारतीय वायुसेना ने इस मामले पर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस तकनीकी खराबी के बावजूद चालक दल (एयरक्रू) पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वायुसेना के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने प्रारंभिक अनुमान जताया कि रनवे को पूरी तरह साफ करने और उड़ानों का सामान्य आवागमन फिर से शुरू करने में कम से कम 4 से 5 घंटे का समय लग सकता है। इस आकस्मिक घटना का असर हवाई यातायात पर व्यापक रूप से देखने को मिला। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, पुणे आने वाली कम से कम आठ उड़ानों को सूरत, गोवा, नवी मुंबई, चेन्नई और कोयंबटूर जैसे नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने स्थिति की पुष्टि करते हुए कहा कि वे हवाई अड्डा निदेशक और वायुसेना के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं ताकि यात्रियों की परेशानी को जल्द से जल्द दूर किया जा सके। सभी संबंधित एयरलाइंस को इस स्थिति की सूचना दे दी गई है। रनवे बंद होने के कारण शनिवार सुबह की कई महत्वपूर्ण उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। रद्द होने वाली उड़ानों में चेन्नई, दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो और अकासा एयर की सेवाएं शामिल थीं। साथ ही पुणे से बेंगलुरु, वडोदरा और दिल्ली जाने वाली उड़ानों को भी निरस्त करना पड़ा। रनवे की बहाली की प्रक्रिया जारी रहने के कारण यात्रियों को भारी देरी और रूट में बदलाव का सामना करना पड़ रहा है, जिससे हवाई अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। प्रशासन ने यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति जांचने के बाद ही हवाई अड्डे आने की सलाह दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/18अप्रैल2026