क्षेत्रीय
18-Apr-2026


सक्ती(ईएमएस)। जिले के फगुरम क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा की चपेट में आने से 9 वर्षीय रिद्धिमा निराला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र प्रदर्शन में बदल गया। स्थिति संभालने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन भीड़ को शांत कराने की कोशिश नाकाम रही। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 13वीं बटालियन मड़वारानी, कोरबा के आरक्षक राजेश कुजुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल रायगढ़ अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एडिशनल एसपी पंकज पटेल और एसडीओपी सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026