अंतर्राष्ट्रीय
18-Apr-2026
...


बच्चे सफेद रंग की पारंपरिक पोशाक और यूएई के झंडे के रंग वाले स्कार्फ पहने थे दुबई,(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में 13 भारतीय बच्चे संयुक्त अरब अमीरात का राष्ट्रगान शास्त्रीय संगीत के साथ गाते नजर आ रहे हैं। उनकी इस खास प्रस्तुति ने लोगों का दिल जीत लिया है और हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। यह वीडियो दुबई के एक म्यूजिक ग्रुप ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। इसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में बच्चे सफेद रंग के पारंपरिक कपड़ों में दिख रहे हैं। उन्होंने यूएई के झंडे के रंग वाले स्कार्फ भी पहने हैं उनकी सादगी और एकजुटता इस प्रस्तुति को और भी खास बना देती है। बच्चों ने यूएई के राष्ट्रगान को भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ पेश किया। इसके लिए उन्होंने कई वाद्य यंत्रों का इस्तेमाल किया जिनमें हारमोनियम, तबला, ढोलक, पखावज, सितार, सरोद, बांसुरी और जल तरंग शामिल थे। जब इन वाद्ययंत्रों की धुन के साथ राष्ट्रगान गाया गया तो इसमें भारतीय संगीत और यूएई के प्रति सम्मान दोनों साफ नजर आए। इस प्रस्तुति के पीछे की सोच भी बहुत अच्छी है। म्युजिक ग्रुप के संस्थापक ने बताया कि उन्हें यह आइडिया यूएई में रहने के दौरान मिला। वहां उन्होंने देखा कि सरकार लोगों का कितना ध्यान रखती है। उन्होंने एक जगह लिखा हुआ देखा- यूएई में हर कोई अमीराती है। यह बात उन्हें बहुत पसंद आई और उन्होंने सोचा कि इस भावना को संगीत के जरिए दिखाया जाए। इस वीडियो को दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी देखा और उन्हें यह इतना अच्छा लगा कि उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और बच्चों की तारीफ की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस वीडियो को खूब पसंद किया। कई लोगों ने कहा कि यह बहुत भावुक और दिल छू लेने वाला है। कुछ लोगों ने कहा कि संगीत के जरिए दो अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ना बहुत खूबसूरत है। लोगों ने बच्चों की मेहनत और टैलेंट की भी खूब तारीफ की। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसी चीजें समाज में प्यार और एकता बढ़ाती हैं। बच्चों के माता-पिता का कहना है कि अपने बच्चों को इस तरह कुछ खास करते देखना उनके लिए गर्व की बात है। यह वीडियो हमें एक अच्छी सीख देता है कि संगीत एक ऐसी भाषा है, जो हर किसी को जोड़ सकती है। सिराज/ईएमएस 18अप्रैल26 ---------------------------------