मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड गलियारों में अपकमिंग फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 को लेकर खूब चर्चा हो रही हैं। इस बार मेधा शंकर को इसकी मुख्य भूमिका में देखा जाएगा। यह फिल्म 2020 में आई सफल रोमांटिक कॉमेडी गिन्नी वेड्स सनी का सीक्वल है। इसी कारण उनकी तुलना स्वाभाविक रूप से पहली फिल्म की नायिका यामी गौतम से की जा रही है, जो अपने प्रदर्शन के लिए दर्शकों द्वारा खूब सराही गई थीं। हालांकि, मेधा शंकर ने इन तुलनाओं पर अपनी बेबाक राय रखते हुए स्पष्ट किया है कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। एक विशेष बातचीत में मेधा शंकर ने इन तुलनाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा, ऐसा कुछ भी नहीं है। मैं यामी गौतम और आदित्य धर दोनों को बहुत पसंद करती हूं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि मैं उनकी कितनी बड़ी प्रशंसक हूं। उन्होंने यामी गौतम की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा, यामी हमेशा से ही एक बेहतरीन अभिनेत्री रही हैं, और कभी-कभी बेहतरीन प्रतिभा को पहचान मिलने में थोड़ा समय लग जाता है, लेकिन मुझे यकीन है कि उनका समय ज़रूर आएगा। मेधा ने अपनी प्रेरणा के स्रोत पर विस्तार से बात करते हुए कहा, यह तुलना की बात नहीं है। मैं उन सभी लोगों से प्रेरित होती हूं जिन्होंने मुझसे पहले, बाद या साथ में बेहतरीन काम किया है। मैंने कभी किसी से अपनी तुलना नहीं की, और अगर कोई दूसरा करता भी है तो मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यह बयान उनकी आत्मविश्वास और अपने काम के प्रति ईमानदारी को दर्शाता है। इस बीच, फिल्म के प्रचार के लिए मेकर्स ने हाल ही में एक नया गाना तुमपे ही प्यार आ गया जारी किया है। इस भावपूर्ण गाने का संगीत सुशांत-शंकर की प्रतिभाशाली जोड़ी ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं, जो प्यार की गहरी भावनाओं को बखूबी व्यक्त करते हैं। इस गाने को लेकर मेधा शंकर ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया, जब मैंने पहली बार यह गाना सुना, तो मैं इसके बोलों में कहीं खो सी गई थी। यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि प्यार के अलग-अलग रंगों और जटिल भावनाओं को खूबसूरती से दर्शाने वाला एक हृदयस्पर्शी अनुभव है। गौरतलब है कि गिन्नी वेड्स सनी का पहला भाग साल 2020 में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुआ था, जिसमें यामी गौतम और विक्रांत मैसी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। इस हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब इसके सीक्वल गिन्नी वेड्स सनी 2 में एक बिल्कुल नई और ताज़ा जोड़ी दर्शकों के सामने होगी। सुदामा/ईएमएस 19 अप्रैल 2026